Home » , , » कोच कुंबले चाहते हैं हम अपने फैसले खुद करें: राहुल

कोच कुंबले चाहते हैं हम अपने फैसले खुद करें: राहुल

बेंगलुरू। कर्नाटक के प्रतिभावान सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल को खुशी है कि नए मुख्य कोच अनिल कुंबले ने राष्ट्रीय टीम के सदस्यों को अधिकार देने का फैसला किया है जिससे कि वे अपने फैसले स्वयं कर सकें।
चार टेस्ट की श्रृंखला के लिए वेस्टइंडीज दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम में शामिल राहुल फिलहाल कुंबले के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अनुकूलन शिविर में हिस्सा ले रहे हैं।
राहुल ने ‘बीसीसीआई.टीवी’ से कहा कि हमारी उनके (कुंबले) साथ बात हुई है और उन्होंने कुछ चीजों पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वह लड़कों को स्वयं फैसले करने देंगे। जब हमें कोई परेशानी होगी या कुछ जानकारी लेनी होगी तो हम उनके पास जा सकते हैं। यह शानदार ढांचा है। उन्होंने कहा कि अनिल कुंबले जैसे महान खिलाड़ी के मेंटर और कोच के रूप में टीम से जुड़ने से हमारे जैसी युवा टीम को काफी मजबूती मिलेगी। वह हमारे साथ उन अनुभवों को साझा कर रहे हैं जो उन्हें अपने क्रिकेट करियर के दौरान हुए।
ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ शतकों सहित पांच टेस्ट में 256 रन बनाने वाले राहुल ने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें क्रिकेट का काफी ज्ञान है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने काफी समय बिताया है। वह हमारे लिए आदर्श व्यक्ति हैं जिनसे हम सीख ले सकते हैं। हम अनिल कुंबले के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं और निजी तौर पर और टीम के रूप में बेहतर होना चाहता हूं।

0 टिप्पणियाँ to "कोच कुंबले चाहते हैं हम अपने फैसले खुद करें: राहुल"

Leave a comment