Home » , » भरतपुर में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद

भरतपुर में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद

अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में आरक्षण के लिए चल रहा जाटों का आंदोलन जहां हरियाणा में कुछ जगह थम गया है, वहीं राजस्थान के भरतपुर में यह तेज़ हो गया है।

वहां सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने दो बसों में आग लगा दी, इसे देखते हुए प्रशासन ने ज़िले में धारा 144 लगा दी है और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं।

भरतपुर के ज़िलाधिकारी रवि जैन ने बीबीसी से इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "हमने पुलिस गश्त और सुरक्षा चौकियों की संख्या बढ़ा दी है।" ज़िलाधिकारी ने बताया, "इस आंदोलन में शामिल अधिकतर आंदोलनकारी युवा हैं। आंदोलन कर रही आरक्षण संघर्ष समिति से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।"

जाट अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के तहत पढ़ाई-लिखाई और नौकरियों में आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। इस मांग को लेकर वो पिछले कुछ दिनों से आंदोलन चला रहे हैं। हरियाणा में इस आंदोलन में अबतक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, इस दौरान हरियाणा में बहुत सी सरकारी और ‌निजी संपत्ति का नुक़सान हुआ है।

0 टिप्पणियाँ to "भरतपुर में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद"

Leave a comment