Home »
ताजा खबरें
,
दुनिया
» अफगानिस्तान में 44 आतंकी ढेर
Posted by गजेन्द्र सिंह on 3:49 am //
0 comments

काबुल। अफगानिस्तान के दक्षिणी हेलमंड और उत्तरी कुंदुज प्रांतों में रविवार को कम से कम 44 तालिबान आतंककारियों को मार गिराया गया। हेलमंड प्रांत के पुलिस प्रमुख नबी जान मुल्लाखिल ने कहा, कई तालिबान आतंककारियों ने नहर-ए-सराज जिले में पुलिस मुख्यालय पर स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह 10 बजे धावा बोला, जिसके परिणामस्वरूप भारी मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ अपराह्न तीन बजे तक चली, जिसमें 30 आतंकी मारे गए और बाकी भाग गए। इसी तरह उत्तरी कुंदुज प्रांत के दश्त-ए-अर्ची जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 14 आतंकी मारे गए। जिला गवर्नर नसरूद्दीन सादी ने कहा, सुरक्षा बलों ने दश्त-ए-अर्ची जिले के नहर-ए-कोहना गांव में रविवार तड़के तालिबान के ठिकानों पर धावा बोला और अभी तक तालिबान के स्वयंभू जिला गवर्नर मुल्ला शाकिब सहित 14 आतंकी मारे जा चुके हैं। प्रांत के पुलिस प्रमुख मुल्लाखिल ने कहा कि दक्षिणी हेलमंड प्रांत में मुठभेड़ में सिर्फ एक पुलिस कांस्टेबल घायल हुआ है। मुठभेड़ पांच घंटे तक चली। अधिकारी ने कहा कि आतंककारियों के खिलाफ कार्रवाई इलाके में शांति और सुरक्षा कायम होने तक जारी रहेगी। मुल्लाखिल के अनुसार, आतंकवादी हेलमंड प्रांत की राजधानी लश्कर गाह को कांधार से को जोड़ने वाले मार्ग को जाम करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी इस कोशिश को विफल कर दिया। तालिबान आतंककारियों की ओर से कोई टिप्पणी आनी अभी बाकी है।
0 टिप्पणियाँ to "अफगानिस्तान में 44 आतंकी ढेर"